CWG 2018: सिंधू, श्रीकांत, सायना समेत सभी बैडमिंटन खिलाड़ी सेमीफाइनल में

सरस संगम
सत्येन्द्र कुमार
बगहा पश्चिमी चम्पारण
की रिपोर्ट 13/4/18
पीवी सिंधू, साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत जैसे स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स के 9वें दिन शानदार प्रदर्शन जारी रखा। तीनों ही खिलाड़ी आज अपने-अपने वर्ग में सेमीफाइनल में पहुंच गए।
चोट से उबरने के बाद सिंधू का अच्छा प्रदर्शन
टखने में चोट के कारण टीम स्पर्धा में भाग नहीं लेने वाली ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता सिंधू ने कनाडा की ब्रिट्टेने टाम को 21-14 21-17 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। सेमीफाइनल में उनका सामना मौजूदा चैंपियन कनाडा की मिशेल ली से होगा। ग्लास्गो 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में मिशेल ने ही सिंधू का स्वर्ण पदक जीतने का सपना तोड़ा था। सिंधू ने कहा, 'मुझे लगता है मैं आज के मैच को और जल्दी खत्म कर सकती थी। मैं आराम से खेल रही थी जो मुझे नहीं करना चाहिए था। कुल मिलाकर, इस मैच में मैं आगे चल रही थी लेकिन कोई मौका नहीं देना चाह रही थी। मुझे लगता है कुल मिलाकर यह अच्छा मैच था।'
नंबर वन श्रीकांत से गोल्ड की उम्मीद
हाल ही में वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर वन बन चुके किदांबी श्रीकांत ने सिंगापुर के जिन रेई रयान नग को 34 मिनट में 21-15, 12-12 से शिकस्त दी। शीर्ष वरीय श्रीकांत का सेमीफाइनल में सामना इंग्लैंड के राजीव ओसेप से होगा, जो 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता हैं। श्रीकांत ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह मुश्किल मैच था, लेकिन कुल मिलाकर, यह एक बहुत अच्छा मैच था और आज जिस तरह मैं खेला, उससे मैं वास्तव में खुश हूं।'
सायना को मिली आसान जीत
दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स (2010) की स्वर्ण पदक विजेता साइना को कनाडा की रशेल होनड्रेज की चुनौती को पार पाने में 32 मिनट लगे। उन्होंने यह मुकाबला 21-8, 21-13 से जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना का सेमीफाइनल में सामना ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता से होगा। उधर विश्व रैंकिंग में 11 वें स्थान पर काबिज एचएस प्रणय श्रीलंका के दिनुका करूणारत्ने को 21-13, 21-6 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे। सेमीफाइनल में वह कल तीन बार ओलंपिक रजत पदक विजेता ली चोंग वेई का सामना करेंगे।
महिला डबल्स में एन सिक्की रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने श्रीलंका की हासिनि अम्बालांगोदागे और मधुशिका दिलरूक्शी बेरूवेलागे की जोड़ी को 26 मिनट चले मुकाबले को 21-11, 21-13 से जीता। सात्विक रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरूष डबल्स जोड़ी ने भी राष्ट्रमंडल खेलों के अपने पहले पदक की कदम बढ़ाते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की। भारतीय जोड़ी ने क्वार्टरफाइनल में मलेशिया की चान पेंग सून और गोह सून ह्यूत की जोड़ी को 21-14, 15-21, 21-9  से हराया। सेमीफाइनल में वह श्रीलंका के गैरवरीय जोड़ी सचिन डियास और बुवानेका गुणतिल्लेखा से भिड़ेंगे।
मिक्स्ड डबल्स में सत्विक और अश्विनी को जोड़ी ने भी अंतिम चार में जगह पक्की की। उन्होंने मलेशिया की गोह सून ह्यूत और लाइ शेवोन जेमी को 21-19 21-19 से परास्त किया। भारतीय जोड़ी कल इंग्लैंड की मार्कस एलिस और लॉरेन स्मिथ की जोड़ी का सामना करेगा। मिक्स्ड डबल्स जोड़ी प्रणव चोपड़ा और सिक्की को निराशा हाथ लगी। मलेशियाई जोड़ी चान पेंग शुन और गोह लियू यिंग की जोड़ी ने उन्हें 17-21, 12-21 से हराकर उनका सफर खत्म किया। युवा रूथविका गाड्डे का सफर चोटिल होने के कारण खत्म हुआ। स्काटलैंड की क्रिस्टी गिलमर के खिलाफ मैच उन्हें बीच में छोड़ना पड़ा। 

No comments:

Post a Comment

SARAS SANGAM,

पुलिस को मिली बड़ी सफलता, एक पिस्टल ,दो मैगजीन ,तीन गोली के साथ अपराधी गिरफ्तार

सरस् संगम(कार्यलय )बेतिया से ब्यूरो सोनुभारत द्वाज की रिपोर्ट:- बेतिया काली बाग ओपी थाना क्षेत्र के बौद्धि माई स्थान के पास अज्ञात अपराधि...

SARAS SANGAM